साहब से कागज पर साइन कराने की एवज में सीओ के मुंशी से दारू और मुर्गे की डिमांड करना एसपी देहात के स्टेनो को महंगा पड़ गया। स्टेनो की डिमांड और धमकी मुंशी के मोबाइल में रिकार्ड हो गई। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी नितिन तिवारी ने एसपी देहात के स्टेनो मलखान सिंह को निलंबित कर दिया।
कप्तान ने उसके खिलाफ जांच बैठा दी है। कप्तान के सख्त तेवरों से साफ है कि स्टेनो को अपनी हरकत के लिए सैक्शन 7 जैसी कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। वहीं एसएसपी ने विवेचनाओं में लापरवाही बरतने पर पूर्व महिला थाना एसओ पूनम आनंद समेत दो दरोगाओं को भी निलंबित कर दिया है।
ये वाकया रविवार को रात करीब आठ बजे का है। सीओ कांठ राहुल सिंह आईजी के आदेश पर रामपुर के एक हाईप्रोफाइल मामले की विवेचना कर रहे हैं। इस केस की मानीटरिंग हाईकोर्ट खुद कर रहा है। केस में मुल्जिम ऊधम सिंह नगर के हैं। सीओ राहुल सिंह ने रामपुर की अदालत से मुल्जिमों का वारंट लिया था। जिसे तामील कराने के लिए एसआई ज्ञान सिंह पंवार को ऊधम सिंह नगर भेजा जा रहा था।
इसी सिलसिले में ऊधम सिंह नगर के एसएसपी के नाम मुरादाबाद एसएसपी की ओर से एक चिट्ठी लिखाई जानी थी। रविवार को एसएसपी नितिन तिवारी छुट्टी पर थे। चार्ज एसपी देहात प्रमोद सिंह के पास था। लिहाजा वारंट लेकर सीओ ने अपने मुंशी को एसपी देहात आफिस भेज दिया ताकि एसपी देहात की ओर से चिट्ठी लिखाई जा सके।
लेकिन एसपी देहात की गैरमौजूदगी में उनके स्टेनो मलखान सिंह ने सीओ के मुंशी से लेटर टाइप करने और साहब से साइन कराकर देने से साफ इंकार कर दिया। उसने इस काम की एवज में सीओ के मुंशी से रुपयों की डिमांड की।