मुरादाबाद। भगवान श्रीराम पर पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद ने लोहिया अस्पताल से मार्च निकला। साथ ही पूर्व सांसद के पोस्टर पर कालिख पोतकर विरोध जताया। इस मामले में संगठन के पदाधिकारियों ने थाना कटघर में लिखित शिकायत देकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री रामपाल सिंह प्रजापति ने कहा कि भगवान श्रीराम के संबंध में किसी भी प्रकार की अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होगी। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा कि भगवान श्रीराम सिर्फ धार्मिक आस्था के प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्श एवं सामाजिक जीवन के प्रेरणास्रोत हैं। उनके संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होने की आशंका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो एवं बयान की जांच कर सत्यता सामने लाई जाए। इधर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद एसटी हसन के फोटो पर कालिख पोतकर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन में अभिषेक श्रीवास्तव, सुशांत गुप्ता, विजय शर्मा, शिवम, रिंकू, प्रिंस, सनी गंगा, जतिन, अभिषेक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।