मुरादाबाद। रेलवे बहुत जल्द चार नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेनें मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक परिचालन और मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक ने इस संबंध में इज्जतनगर, लखनऊ और वाराणसी मंडल को पत्र लिखा है। साथ ही लालकुंआ से बांद्रा तक चलने वाली मुंबई एक्सप्रेस का संचालन भी सप्ताह में दो दिन किया जा सकता है।
नई ट्रेनों के संचालन से मुरादाबाद से बिहार, जम्मू, मुंबई और राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए विकल्प बढ़ जाएंगे। कुछ माह पहले पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों ने ट्रेनों के संचालन के संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजे थे। गोरखपुर मुख्यालय ने मंडलों को भेजे पत्र में लिखा है कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
लंबी दूरी की इन ट्रेनों में श्री माता वैष्णो देवी (कटरा) और जम्मू की दो ट्रेनें शामिल हैं। इनमें एक इज्जतनगर और दूसरी बलिया से मुरादाबाद होते हुए चलाई जाएगी। दूसरी ओर रामनगर से उदयपुर सिटी के लिए ट्रेन चलने से तमाम लोगों को सहूलियत होगी। मुरादाबाद में रेलवे प्रशासन के पास इस संबंध में सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि संचालन पूर्वोत्तर रेलवे को करना है। विभागीय जानकारों का कहना है कि सितंबर माह से ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है। ब्यूरो