मुरादाबाद। सोनकपुर पुल से दिल्ली रोड को मिलाने वाली रोड का निर्माण एक मार्च से शुरू किया जाएगा लेकिन रोड के बीच में विवादित जमीन बाधा बन रही हैं। जिला प्रशासन जमीन के मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहा है ।सोनकपुर पुल से दिल्ली रोड जाने के लिए वाहन चालकों को कांशीराम आवास से मुड़कर निकलना पड़ रहा है। रोड संकरी होने के कारण लोगों भारी वाहनों के चलते आए दिन जाम लग जाता है। जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सीधे दिल्ली रोड को मिलाने के लिए मार्ग का प्रस्ताव तैयार किया।
एमडीए ने इस मामले में साढ़े नौ करोड़ का प्रस्ताव दिया। मार्ग के बीच में आवास विकास की जमीन आड़े आ रही थी। एसडीएम सदर ने बताया कि एक व्यक्ति ने जमीन के एक टुकड़े को अपना बताते हुए उस पर कोर्ट से स्थगनादेश लिया है। इसी कारण विवादित जमीन के हिस्से को छोड़कर एमडीए ने टेंडर जारी किया है। साढ़े छह करोड़ में रोड बनाने के लिए टेंडर खुल गया है।
इस बारे में एमडीए के मुख्य अभियंता नीरज गुप्ता ने बताया कि टेंडर पास होने के बाद अन्य कागजी कार्यवाही की जा रही है। एमडीए करीब दो किलोमीटर का रोड बनाकर उसे आवास विकास की सड़क में मिला देगी। इस मार्ग से वाहन चालक दिल्ली रोड की तरफ जाएंगे। दिल्ली रोड जाने के लिए आवास विकास के दो रास्ते हैं। रोड का काम एक मार्च से शुरू किया जाएगा।
एक मार्च से पुल पर लगेगी स्ट्रीट लाइट
एमडीए के मुख्य अभियंता ने बताया कि सोनकपुर पुल पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी टेंडर हो चुका है। 28 फरवरी तक कार्यदायी संस्था को पोल मिल जाएंगे। एक मार्च से पुल के चारों तरफ स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू किया जाएगा। संभावना है कि होली के पहले सोनकपुर पुल को जगमगाने की योजना है। बता दें कि पिछले माह मंडलायुक्त और डीएम ने भी पुल से लेकर मार्ग तक का दौरा किया था। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने शीघ्र रोड बनाने के लिए एमडीए उपाध्यक्ष को निर्देश दिए थे।
ऑडिटोरियम की योजना
प्राधिकरण की सोनकपुर योजना एवं प्रस्तावित ऑडिटोरियम/कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का एमडीए उपाध्यक्ष निरीक्षण कर चुके हैं। एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने बताया कि अभी ऑडिटोरियम सेंटर को बनाने के लिए योजना तैयार की जा रही है।