सोमवती अमावस्या के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने गजरौला के बृजघाट और गंगा धाम तिगरी में आस्था की डुबकी लगाई। पुलिस प्रशासन द्वारा रोक के दावों के बावजूद दोनों स्थानों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
सोमवार को वर्ष 2020 की अंतिम सोमवती अमावस्या है। पुराणों में सोमवती अमावस्या पर गंगा में स्नान कर दान पुण्य करने का विशेष महत्व है। यही वजह है कि स्नान पर्व पर बृजघाट और तिगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
हालांकि दोनों ही जनपदों के पुलिस प्रशासन ने कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुपालन में बृजघाट और तिगरी में गंगा में स्नान पर रोक लगाने की बात कही थी। इसके लिए बृजघाट और तिगरी फोर्स भी तैनात की गई थी, लेकिन आस्था के आगे नतमस्तक प्रशासन ने श्रद्धालुओं को नहीं रोका।