कांठ। स्मैकियों और नशेड़ियों के आतंक से कई गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे भी इनसे परेशान हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांठ क्षेत्र में गांव मुख्त्यारपुर नवादा के समीप स्थित आशापुर कॉलोनी के आसपास पूरा दिन स्मैकियों और नशेड़ी दिखाई देते रहते हैं। यह जहां छोटी-छोटी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं तो वहीं स्कूल-कॉलेज आने जाने वाले बच्चे भी परेशान हैं। आशापुरा कॉलौनी और उसके आसपास के रास्तों में स्मैकिये खड़े रहते हैं और आने जाने लोगों से झगड़ा करते हैं। जिससे गांव मुख्त्यारपुर नवादा, पहाड़मऊ, मिलक आदि गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। पांच दिन पहले मुख्त्यारपुर नवादा के लोगों ने कई स्मैकियों और नशेड़ियों को जमकर पीटा था। पहाडुमऊ के पूर्व प्रधान व प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष चौधरी रोहताश सिंह ने एसएचओ कांठ सुदेशपाल सिंह से स्मैकियों और नशेड़ियों से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर मुख्त्यारपुर नवादा के ग्रामीणों ने भी इस संबंध में पुलिस को कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दूसरे जनपदों के युवक भी स्मैक के लिए आते हैं, जिससे हर समय अप्रिय घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। एसएचओ सुदेशपाल सिंह का कहना है कि समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई और दबिशें दी जा रही हैं, अब जल्द ही अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।