कुंदरकी (मुरादाबाद)। क्षेत्र के गांव मोहनपुर में एक खूंखार कुत्ते ने खेलते समय भाई-बहन समेत छह बच्चों को काटकर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने कुत्ते को भगाकर बच्चों को बचाया। परिजनों ने सीएचसी में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई है।
गांव निवासी धर्मपाल सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर उसका बेटा हर्षित घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। बाद में उसी कुत्ते ने गांव निवासी लोकेश कुमार के मासूम बेटे केशू और बेटी किरन, आनंद पाल के बेटे माधव और संजीव कुमार के बेटे हिमांशू और बेटी दिव्यांशी को काटकर जख्मी कर दिया। सोमवार को परिजन बच्चों को लेकर सीएचसी पहुंचे और एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाए। ग्राम प्रधान बृजपाल सैनी का कहा कि कुत्ते की तलाश की जा रही है।
वहीं गुरेर गांव निवासी अबु बकर को गांव चकफेरी में अपने ननिहाल को गया था तो वहां पर उसको पागल कुत्ते ने काट कर जख्मी कर दिया। यहां पर अबु बकर के अलावा उसी गांव के ही जहांगीर और मोहम्मद कैफ को भी काटकर जख्मी कर दिया है जोकि सरकारी अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवा रहे हैं।
वर्जन
कच्चा मांस खाने से कुत्तों में हिंसक प्रवृति उत्पन्न होती है। खूंखार कुत्ते झुंड में ज्यादा खतरनाक होते हैं। ऐसी स्थिति में खासकर बच्चों को अकेले बाहर नहीं जाने दिया जाए तो इनके घातक हमला से बचाया जा सकता है। साथ ही सीएचसी पर एंटी रैबीज इंजेक्शन की उपलब्धता है। -डॉ. नवल किशोर, सीएचसी प्रभारी