बिलारी के सतारन गांव में रामलीला का मंचन करते कलाकार-स्रोत कमेटी
बिलारी। मंदिर पौड़ाखेड़ा में चल रही रामलीला में सीता स्वयंवर का प्रसंग का मंचन किया गया। उधर सहसपुर की रामलीला में कलाकारों द्वारा ताड़का वध प्रसंग का मंचन किया गया।
मंदिर पौड़ाखेड़ा में सनातन धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में रामलीला का मंचन चल रहा है यहां मुरादाबाद से आए एकता कला मंच के कलाकारों द्वारा सीता स्वयंवर प्रसंग का मंचन किया गया। प्रसंग में दिखाया गया कि राज जनक के दरबार में सीता स्वयंवर का आयोजन होता है। यहां बताया गया कि जो धनुष तोड़ेगा उसी से सीता का विवाह होगा। दूर दराज से आए राजा धनुष को हिला तक नहीं पाते हैं जबकि भगवान श्रीराम धनुष को तोड़ देते हैं तभी सीता श्रीराम के गले में वरमाला पहनाती हैं। इस दौरान पंडाल में चारों ओर भगवान श्रीराम के नाम के जयकारे गूंजने लगते हैं।
सहसपुर के राजमहल परिसर में चल रही रामलीला में ताड़का वध का प्रसंग दिखाया गया। यहां श्रीराम द्वारा ताड़का सुबहू मारीच आदि के वध का प्रसंग दिखाया गया। बाद में अहिल्या उद्धार प्रसंग का मंचन हुआ। रामलीला आयोजक सहसपुर राज परिवार की रानी रीना कुमारी ने शनिवार शाम रामलीला मंचन स्थल पर पहुंचकर रामलीला कलाकारों को तिलक कर उनकी आरती की। रानी रीना कुमारी ने कलाकारों और क्षेत्र के लोगों का उत्साहवर्धन भी किया। यहां रामलीला की व्यवस्थाओं में प्रदीप शर्मा, संजू गुप्ता, डा.वीरबल, वसीम इदरीसी आदि का सहयोग रहा। उधर सतारन गांव में चल रही रामलीला में लक्ष्मण मेघनाथ युद्ध का प्रसंग दिखाया गया। सतारन में रामलीला आयोजन में संजय कश्यप आदि का सहयोग रहा।
बिलारी के सतारन गांव में रामलीला का मंचन करते कलाकार-स्रोत कमेटी