मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा में एसडीएम और खनन अधिकारी पर हमले और उत्तराखंड के भरतपुर स्थित भुल्लर के घर में पुलिस टीम पर हुए हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। एसपी यातायात के नेतृत्व में गठित की गई टीम हर पहलू की गहनता से जांच करेगी और रिपोर्ट बनाकर एसएसपी को सौंपेगी।
ठाकुरद्वारा में उत्तराखंड बॉर्डर पर 13 सितंबर की रात खनन अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने अवैध रूप से उत्तराखंड से खनन लेकर यूपी में प्रवेश कर रहे डंपरों को पकड़ लिया था। इसी दौरान वहां खनन माफिया आ गए थे। भीड़ बढ़ने पर खनन अधिकारी ने एसडीएम ठाकुरद्वारा परमानंद सिंह को भी मौके पर बुला लिया था। इसी दौरान खनन माफिया ने भीड़ को उकसा कर अफसरों पर हमला कराकर डंपर छुड़ा ले गए थे। इस मामले में अशोक कुमार की ओर से पांच नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, टीम पर हमला समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। 12 अक्तूबर की रात पुलिस जफर की तलाश में उत्तराखंड के भरतपुर गांव पहुंच गई थी। इस दौरान पुलिस ने जफर को पकड़ लिया था। इसी दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर हमलाकर जफर को छुड़ा लिया था। जिसमें छह पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में ठाकुरद्वारा में केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी हेमंत कुटियाल ने एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) का गठन किया है। टीम में एक इंस्पेक्टर, दो दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल शामिल किए गए हैं। टीम ठाकुरद्वारा में एसडीएम और खनन अधिकारी पर हुए हमले से लेकर भरतपुर में पुलिस टीम पर हुए हमले की भी जांच करेगी। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने बताया कि एसआईटी का गठन किया गया है।
ये रहेंगे टीम में शामिल
मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार यादव मुख्य विवेचक रहेेंगे। जबकि सह विवेचक में डिलारी थाने के दरोगा मोहित काजला और सिविल लाइंस थाने के दरोगा विनोद कुमार के अलावा सिविल लाइंस थाने के हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, कटघर थाने के कांस्टेबल अंकुल, नागफनी थाने के कांस्टेबल संजीव कुमार को टीम में शामिल किया गया है। एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम जांच करेगी।