मुरादाबाद। 30 मीटर की बाउंड्री वाले क्रिकेट मैच में चौके-छक्के लगाकर बल्लेबाजों ने खूब रंग जमाया। वहीं गेंदबाजों ने भी स्विंग के साथ रफ्तार से सभी को चौंकाया। सोनकपुर स्टेडियम में अंडर-17 टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले दिन 12 मुकाबले हुए। इसका शुभारंभ डीआईजी शलभ माथुर ने मैदान से गुब्बारे उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले मैच में डीपीएस की टीम ने ने सेंट पॉल स्कूल को हराया। टाइनी टॉट्स स्कूल ने सेंट मीराज की टीम को हराया। आआरके स्कूल ने डीपीएस की बी टीम को हराया। एसबीएस बिलारी ने आरएसडी अकादमी की टीम को मात दी। सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल ने टाइनी टॉट्स की टीम को हराया। सनशाइन ए टीम को हराकर शिरडी साईं विजेता बना। जबकि शिरडी साईं विंग 2 को गांधी नगर पब्लिक स्कूल ने हराया। आरआरके स्कूल ने सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल की टीम को शिकस्त दी। सन शाइन स्कूल की बी टीम ने विल्सोनिया को हराया। शिरडी साईं स्कूल विंग ए ने पीएमएस को मात दी। एसबीएस स्कूल बिलारी ने आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल की टीम को हराया। पहले दिन के 12वें और अंतिम मुकाबले में सन शाइन स्कूल की बी टीम ने एसएस चिल्ड्रन अकादमी की टीम को हराया।
यह आयोजन जिला ओलंपिक संघ के समन्वय से टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन करा रहा है। ओलंपिक संघ के सचिव अजय पाठक ने बताया कि बुधवार को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। मंगलवार को आयोजन में क्षेत्रीय स्पोर्ट्स अधिकारी प्रेम कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल हेड आनंद कुमार, विक्रांत कुमार, क्रिकेट कोच यश शुक्ला, गौरव गुप्ता, गुरजीत सिंह मौजूद रहे। टूर्नामेंट में 20 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।