कोतवाली के कंजरी सराय में रविवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से जूझ रहा था। कई डाक्टरों से उसका इलाज कराया गया। लेकिन उसकी सेहत में कोई सुधार नहीें हुआ। रविवार सुबह उसकी अच्छी सेहत के लिए ही बहन चर्च में दुआ करने गई थी।
घर लौटी तो भाई फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। लेकिन परिजनों से पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। कटघर के गोविंद नगर निवासी अमित अपनी पत्नी रेनु के साथ कंजरी सराय में विद्या के मकान में किराये पर रहता है।
कुछ दिन पहले भोजपुर निवासी रेनु का भाई राजू भी यहां आ गया था। राजू की आंतों में इंफेक्शन हो गया था। जिस कारण उसके पेट में दर्द की समस्या बढ़ गई थी। उसने कई जहां इलाज कराया। लेकिन कोई आराम नहीं मिल पाया था। रात रात भर वह दर्द के कारण तड़पता था।
रविवार सुबह राजू के बहनोई ड्यूटी चले गए थे। पति के चले जाने के बाद रेनु अपने भाई की अच्छी सेहत के लिए चर्च में दुआ करने चली गई थी। राजू घर में अकेला था। दो घंटे बाद रेनु चर्च से लौटी तो उसका भाई पंखे पर लटका मिला। भाई को लटका देख रेनू की चीख निकल गई।
चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग पहुंच गए। इसके बाद मोहल्ले में रहने वाली राजू की दूसरी बहन राजवाला पत्नी ओमप्रकाश व उसके परिवार के लोग भी पहुंच गए। राजू को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल डाक्टर के पास ले गए। लेकिन डाक्टरों ने उसे म़ृत घोषित कर दिया।
खबर मिलने पर पुलिस पहुंची और परिजनों ने पूछताछ की। इंस्पेक्टर राकेश वशिष्ठ ने बताया कि युवक बीमार था। उसके मां-बाप की मौत हो चुकी है। यहां अपनी बहन के घर रहता था।