मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में सिगनल फेल होने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। ब्लॉक के बीच मंडल में सिगनल फेल होने के कुल 19 मामले सामने आए। इसकी वजह से जम्मूतवी गुवाहाटी एक्सप्रेस, जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस समेत 28 एक्सप्रेस और मेल ट्रेन को मैन्युअल मेमो देकर गुजारा गया। कुछ ऐसे ही हालात शनिवार को टिसुआ में अप व डाउन लाइन के सिगनल फेल होने के बाद हुआ था। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर सिगनल सिस्टम ठीक किए। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। रेलवे की तरफ से सिग्नल में आने वाली तकनीकी खामियों के कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
मेटाडोर की टक्कर से रेलवे का बूम टूटा
मुरादाबाद। रविवार दोपहर सवा तीन बजे मुरादाबाद से लोधीपुर स्टेशनों के बीच किमी संख्या 03/22-20 पर गेट संख्या एक-सी पर तेज रफ्तार मेटाडोर ने हादसा कर दिया। टक्कर की वजह से रेलवे क्रासिंग का बूम टूट गया। इस हादसे की सूचना प्रेषित होने के बाद रेलवे स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर गेट को ठीक किया। हालांकि इस हादसे की वजह से ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव नहीं पड़ा। ब्यूरो