कांठ। प्रशासन द्वारा गठित श्री रामलीला मंचन समिति (अस्थाई) के तत्वाधान में 17 सितंबर से श्री रामलीला का 116 वां वार्षिकोत्सव शुरू किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियों को जोर शोर के साथ किया जा रहा है। 21 सितंबर को नगर में श्री राम विवाह शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
कांठ नगर में रामलीला कराने की परंपरा को जारी रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा गठित नगर के गणमान्य लोगों की श्री रामलीला मंचन समिति (अस्थाई) 17 सितंबर से मुकुट पूजन और नारद मोह, विष्णु लीला के साथ नगर में परंपरागत ढंग से रामलीला का मंचन शुरू कराएगी। रविवार को जानकारी देते हुए समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह मंचन प्रतिदिन रात्रि को तीन अक्तूबर तक किया जाएगा। इस बार श्री बृज आदर्श कला रामलीला मंडल ग्राम क्योरार मिलक जिला रामपुर के कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन, सीता, वीर हनुमान, राजा दशरथ, रावण, मेघनाथ, कुंभकरण, अंगद, जटायू, राजा जनक, शबरी, सुग्रीव, विभीषण आदि के प्रमुख किरदार निभाए जाएंगे। इसी के साथ 21 सितंबर को श्री रामबारात, 25 को भरत मनावा, दो अक्तूबर को विजय दशमी और तीन को भरत मिलाप आदि शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। इसके लिए समिति के द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।