कांठ। दिवाली के साथ त्योहारों की शृंखला पर बाजार सजे हैं। इस बार बाजार में सजावटी बिजली उपकरणों की भरमार है। वहीं धनतेरस की पूर्व संध्या पर भी दुकानों को सजाया गया है। खासकर ज्वैलरी, कपड़े, बर्तन आदि की दुकानों पर पूरी तैयारी की गई है।
हालांकि, इस बार बाजार में पिछले सालों की तुलना में बिक्री काफी कम बताई जा रही है। ज्वैलर्स का कहना है कि महंगाई की वजह से बिक्री कम है। इसी के साथ बर्तन विक्रेताओं का भी यही कहना है कि महंगाई और पैसे के अभाव के कारण बिक्री कम है। बाजार में दुकानें माल से पटी हैं। दिवाली के अवसर पर दीयों और मोमबत्ती की भी खरीदारी की जा रही है। शुक्रवार धनतेरस के मद्देनजर कांठ के बाजार में खासी भीड़ रहने की उम्मीद है। मुख्य बाजार में भारी भीड़ होने के आसार हैं। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए मुख्य बाजार में पुलिस की निर्धारित ड्यूटी लगाई गई है। बृहस्पतिवार को भी त्योहार का बाजार होने के कारण भीड़ रही। बाजार में पुलिस भी अलर्ट है।