बिलारी। नई सड़क के बाजार इलाके में लगातार जलभराव से दुकानदार परेशान हैं। रविवार दोपहर जलभराव से नाराज दुकानदारों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद पालिकाध्यक्ष और ईओ से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
चार दिन पहले नई सड़क इलाके में पहुंचे स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान से स्थानीय दुकानदारों ने मुख्य सड़क पर जलभराव की समस्या बताई थी। दुकानदारों के अनुसार नगरपालिका परिषद द्वारा जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न किए जाने की वजह से बारिश के मौसम में नई सड़क का बाजार मिनी तालाब का रूप ले लेता है। वर्तमान में भी नई सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर जलभराव की बात बताई थी। दुकानदारों ने यह सुझाव भी रखा था कि नगरपालिका द्वारा हाईवे के किनारे अपना जो नाला बनाया गया है, उसी नाले में नई सड़क इलाके का घरों का पानी पहुंचा दिया जाए।
रविवार सुबह पुन: नई सड़क इलाके में नाले ओवरफ्लो होने पर जलभराव हो गया। तब दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के आगे जमा पानी में होकर निकलने के लिए ईंटें आदि रखनी पड़ीं। मुख्य सड़क पर जलभराव से ग्राहक भी इस इलाके में काफी कम संख्या में आए। परेशान दुकानदारों ने पश्चिमी व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष केके गुप्ता के प्रतिष्ठान पर जाकर उनसे जलभराव की समस्या बताई। केके गुप्ता और अन्य दुकानदारों राहुल शर्मा, हबीब अहमद, नदीम अहमद, अनूप गुप्ता, तुषार गुप्ता, अमित गुप्ता, फैजान और उस्मान आदि दुकानदारों ने प्रदर्शन भी किया। दुकानदारों ने जलभराव की समस्या के समाधान में देरी का आरोप नगरपालिका प्रशासन पर लगाया। बाद में दुकानदारों ने नगरपालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव और अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह से दूरभाष पर वार्ता की। दुकानदारों ने मांग उठाई कि जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए।
फोटो परिचय-09,10