शहर के होनहार निशानेबाज मोहित पाल ने नई दिल्ली में आयोजित यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। इसके साथ ही उन्होंने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह बना ली। पांच से 14 जुलाई तक डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में मोहित ने 548 स्कोर बनाया।
50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल इवेंट में यह अच्छा स्कोर रहा। इसके आधार पर उन्हें नवंबर में होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग का मौका दिया गया है। पिछले महीने हुई एक और राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में मोहित ने रजत पदक जीता था। उनके पिता हरि सिंह पाल रेलवे में मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक के पद पर तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि मोहित पिछले तीन साल से दिल्ली में शूटिंग का अभ्यास कर रहा है। मुरादाबाद में कोई शूटिंग रेंज न होने के कारण खिलाड़ियों को दिल्ली या पुणे जाकर अभ्यास करना पड़ता है। यदि जिले में सरकार की ओर से शूटिंग रेंज बनाई जाए तो खिलाड़ियों को आसानी होगी।