मुरादाबाद। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में कुशांक गुप्ता और मझोला में सीए श्वेताभ तिवारी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी शूटर केशव सरण शर्मा को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। पाकबड़ा थाने में आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में स्पोर्ट्स सामान के कारोबारी कुशांक गुप्ता की 12 जनवरी 2022 की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा 15 फरवरी 2023 को दिल्ली रोड पर साईं गार्डन निवासी सीए श्वेताभ तिवारी की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। दोनों घटनाओं में शूटर का हुलिया और गोली चलाने का अंदाज लगभग एक जैसा था। जिसके जरिए पुलिस ने शूटर की पहचान पाकबड़ा के गिंदौड़ा निवासी केशव सरन शर्मा के रूम में की थी। शूटर केशव सरन शर्मा, खुशवंत उर्फ भीम, विकास शर्मा गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जिसमें पुलिस ने दावा किया था कि दोनों हत्याएं केशव ने ललित कौशिक के इशारे पर की थीं। जिसमें खुशवंत, विकास भी शामिल रहे थे। चारों आरोपी जेल में बंद हैं। पाकबड़ा थाने की पुलिस ने शूटर केशव सरन शर्मा को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। उसके खिलाफ दिल्ली, देहरादून और मुरादाबाद के अलग-अलग थानों में 10 केस दर्ज हैं। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि पाकबड़ा थाने में केशव की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।