मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र के कल्याणपुर मानपुर में बाल विवाह की सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम ने पहुंच कर एक 12 वर्षीय बालिका को परिजनों से मुक्त कराया। बालिका को बाल कल्याण समिति ने किशोरी गृह भेज दिया। इस दौरान पूरे समय बालिका रोती रही और पिता के पास जाने की रट लगाए रही।
कर्मचारियों ने कहा कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे उनके पास एक कॉल आई कि लाइनपार में कल्याणपुर मानपुर में करीब 12 वर्षीय एक बालिका की शनिवार को शादी होनी है। रिश्ता गोविंद नगर में तय हुआ है और परिजन बालिका को लेकर वहीं चले जाएंगे। कर्मचारी तुरंत जिला टास्क फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जिला समन्वयक श्रद्धा शर्मा ने बताया कि घर में सिर्फ बालिका (हल्दी लगी हुई), उसकी मां और बुआ थीं। जब उनसे बालिका की उम्र बहुत कम होने की बात कहकर शादी रोकने को कहा गया तो बालिका की मां ने अपनी आर्थिक तंगी को मजबूरी बताया। कहा कि इसके पिता पुरोहित हैं और इतनी ज्यादा आमदनी नहीं है कि बाद में धूमधाम से शादी कर सकें। इसलिए शादी जरूर करेंगे।
इसी बीच बालिका के पिता भी मौके पर पहुंच गए। उनसे भी शादी टालने का अनुरोध किया गया, लेकिन वह राजी नहीं हुए। इस पर चाइल्ड लाइन के कर्मचारी बालिका और उसके पिता को बाल कल्याण समिति कार्यालय ले आए। यहां से जब उसे किशोरी गृह भेजा गया तो वह जोर-जोर से रोने लगी और पिता के साथ घर जाने की गुहार लगाने लगी।
बालिका बहुत ज्यादा रो रही थी। वह मानसिक रूप से परेशान थी, इसलिए उसे किशोरी गृह भेज दिया गया है। सोमवार को उसकी काउंसलिंग की जाएगी और आयु परीक्षण करवाया जाएगा। वर पक्ष कौन है, इसकी जानकारी की जा रही है। यदि बालक भी नाबालिग पाया जाता है तो उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर करवाई जाएगी।
अमित कौशल, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति