अमरोहा। सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार को जिलेभर के शिवालय आस्था के रंग में सराबोर रहे। तड़के से मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। सड़कों से लेकर शिवालयों तक बाबा भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। घंटा-घड़ियाल और मंत्रोच्चार से मंदिरों का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
ब्रजघाट, हरिद्वार समेत विभिन्न स्थानों से डाक कांवड़ में गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्त डीजे के साथ शिवालयों में पहुंचे। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर कांवड़ चढ़ाई।
अमरोहा के प्राचीन वासुदेव तीर्थ मंदिर, बाबा गंगानाथ मंदिर, रियासत वाला मंदिर समेत अन्य शिवालयों में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। नौगांवा सादात के गजस्थल और पीला कुंड स्थित शिव मंदिर, मंडी धनौरा के पत्थर कुटी मंदिर, गजरौला के राम मंदिर और हसनपुर के शिवाला मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से दोपहर तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।
शिवरात्रि पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी की गई।