मुरादाबाद। पीतलनगर के हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा देने के लिए स्थापित स्पेशल इकोनाॅमिक जोन (एसईजेड) नियमों के बंधन में उलझ कर रह गया है। आठ साल में यहां कारोबार में तीन गुना से ज्यादा की गिरावट आई है।
2017 में 966 करोड़ हुआ था। इस साल अभी तक 250 करोड़ का कारोबार हुआ है। निर्यातकों का कहना है कि घरेलू बाजार में उत्पादों की बिक्री की छूट नहीं मिलेगी तभी कारोबार बेहतर हो पाएगा।
मुरादाबाद स्थित एसईजेड 421 एकड़ में फैला है। यहां पर 66 औद्योगिक इकाइयां लगी हुई हैं। इन इकाइयों में बनने वाले हस्तशिल्प उत्पाद को अमेरिका, दुबई समेत अन्य देशों में निर्यात किया जाता है। वर्ष 2017 में एसईजेड से 966 करोड़ रुपये के हस्तशिल्प उत्पाद का निर्यात किया गया। यह पिछले आठ साल में सबसे अधिक निर्यात करने वाला वित्तीय वर्ष रहा है। लेकिन इसके बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार केे बदलाव का असर एसईजेड के कारोबार पर पड़ने लगा।
एसईजेड का कारोबार लगातार घटता गया। वर्ष 2024 में यह घटकर 250 करोड़ का ही रह गया। वर्ष 2023 में निर्यात में भारी गिरावट देखी गई और एसईजेड का कारोबार घटकर 126 करोड़ रह गया। निर्यातकों ने बताया कि वैश्विक मंदी की वजह से निर्यात तो घटा ही है। जब से भारत पर अमेरिका ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया तब से निर्यात में और तेजी से गिरावट दर्ज की गई।