आगरा सहित सभी केंद्रों के लिए
सेक्स रैकेट का सरगना भूरा आगरा से गिरफ्तार
- अब तक दस लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। सेक्स रैकेट संचालकों को युवतियां पहुंचाने वाले आरोपी राणा शेख से पूछताछ में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने आगरा में रह रहे गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। वह व्हाट्सएप के जरिये विभिन्न शहरों के लोगों को युवतियों की फोटो भेज कर पहले रेट तय करता था। खातों में मांगी गई रकम मिलने के बाद लड़कियों को देह व्यापार के लिए संबंधित के पास अपने कुछ अन्य एजेंटों के सहारे भेजता था। इधर, इस मामले में कांशीराम कॉलोनी से गिरफ्तार किए गए दो युवकों से पुलिस दूसरे दिन भी पूछताछ कर सबूत जुटाती रही। इस मामले में अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि कुछ अन्य लोग अभी पुलिस की रडार पर हैं।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सेक्स रैकेट प्रकरण में पुलिस रिमांड पर लिए गए राणा शेख से पूछताछ और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर के सरगना भूरा उर्फ हामिद का नाम प्रकाश में आया। वह आगरा में घटिया आजम खां, थाना हरिपर्वत स्थित किराए के एक मकान में रह रहा था। वह मूल रूप से छम-छम गली गुदड़ी मसूर खां. थाना कोतवाली, आगरा का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने आगरा पहुंच उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में भूरा ने पुलिस को बताया कि वह देह व्यापार के धंधे में शामिल है। लोकल दलालों के माध्यम से मोबाइल पर ग्रुप बनाकर लड़कियों की सप्लाई हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली व यूपी के विभिन्न जिलों जैसे आगरा, मुरादाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, बरेली, मेरठ, अमरोहा, हल्द्वानी आदि में करता है।
0000
तीन से चार दिन के लिए 20 हजार रुपये में भेजता था लड़कियां
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह व्हाट्सएप एप पर लड़कियों के फोटो भेजकर रेट तय करता है। रेट तय हो जाने पर लड़की को रोडवेज बस के माध्यम से भेज देता है। शहर का लोकल एजेंट रोडवेज स्टैंड से लड़की को रिसीव करता है। लोकल एजेंट इन लड़कियों को अपनी सुविधा के अनुसार ग्राहक के पास भेजता है। भूरा उर्फ हामिद ने बताया कि वह लड़कियों को तीन से चार दिन के लिए भेजता है, जिसका 15-20 हजार रुपये लेता है। पैसा नकद एवं खाता दोनों ही माध्यम से लिया जाता है।
000
मानव तस्करी की भी है आशंका
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी भूरा ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश आदि स्थानों से लड़कियां एजेंटों के माध्यम से खरीदकर लोकल दलालों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार में धकेलता है। इससे मानव तस्करी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
000
अब तक ये हो चुके गिरफ्तार
विजय छाबड़ा, मोना, मौ. आबिद, मुकेश उर्फ विशाल, संजय जैन, पूनम उर्फ गीता देवी, कमलेश, रानी, राणा शेख उर्फ तारिक दास को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दसवें आरोपी के रूप में भूरा को गिरफ्तार गिया गया है। उसके कब्जे से पुलिस ने एक वीवो कंपनी का मोबाइल भी बरामद किया है।