कांठ। एक नवविवाहिता इंटरमीडिएट की छात्रा दुल्हन के श्रृंगार में परीक्षा केंद्र पर चित्रकला की परीक्षा देने पहुंची। कांठ तहसील व छजलैट थाना क्षेत्र के गांव खुशहालपुर की रहने वाली गीता कांठ के मघपुरी इनायतपुरी स्थित महाराजा शूरसेन इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। यूपी बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही छात्रा की शादी निकटवर्ती जनपद बिजनौर के कुंडीपुर निवासी विक्की सैनी के साथ तय हो गई थी।
हिंदू पंचांग के अनुसार शादी की तिथि भी 21 फरवरी रखी गई थी। इस बीच 16 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो गई।
छात्रा गीता ने शादी के साथ ही परीक्षाओं की तैयारी भी प्रारंभ कर दी थी और 16 फरवरी से वह परीक्षाएं भी देने लगी। तयशुदा कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार की रात छात्रा गीता की शादी थी। बिजनौर के कुंडीपुर से बारात आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद उसने रात में अपने पति विक्की सैनी के साथ सात फेरे लिए।
बुधवार की सुबह दुल्हन की विदाई होनी थी। लेकिन नवविवाहिता गीता ने विदाई से पहले अपनी परीक्षा की जिम्मेदारी को समझा और परिवार व ससुराल वालों के साथ कांठ नगर के बिहारी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंची।
हाथों में मेहंदी और पूरे दुल्हन के शृंगार में गीता को देख सभी अचंभित हो गए। उसने पूरी निष्ठा और लग्न के साथ चित्रकला की परीक्षा दी।
पढ़ाई के प्रति छात्रा की निष्ठा और जागरूकता को देखते हुए प्रधानाचार्या व परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक सुनीता आर्य व विद्यालय स्टाफ ने उसे सगुन देकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कॉलेज से ही छात्रा अपनी ससुराल के लिए विदा हो गई।
संस्कृत और इंटर की चित्रकला की परीक्षाएं कराईं
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए कांठ में इसके लिए 13 केंद्रों पर परीक्षार्थियों को नकल विहीन परीक्षाएं कराई जा रहीं हैं। बोर्ड द्वारा घोषित कार्यक्रम के दौरान बुधवार को हाईस्कूल की संस्कृत और इंटरमीडिएट की चित्रकला परीक्षाएं कराई गई। दोनों परीक्षाएं सुबह की पाली में ही कराई गई। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से व्यवस्थाओं को देखा। दोनों परीक्षाओं से कांठ के 13 केंद्रों पर कई परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। संवाद