मुरादाबाद। नेशनल रोलबॉल फेडरेशन कप के लिए मुरादाबाद के सात खिलाड़ियों का यूपी टीम में चयन हुआ है। प्रतियोगिता सात से नौ अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय रोलबॉल स्टेडियम पुणे में आयोजित होगी। बालक वर्ग में मुरादाबाद के ओम शिवओम, गोविंद गौड़, सचिन सैनी, खेतन सैनी, अनुराग सक्सेना और बालिका वर्ग में सिद्धि खुराना और जिगिशा खुराना प्रतिनिधित्व करेंगी।
ओम शिवओम और गोविंद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रोलबॉल टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। जिला रोलबॉल संघ के सचिव शाहवेज अली ने बताया कि इन दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के लिए पदक जीता है। वर्ष 2021 में राजस्थान में आयोजित जूनियर नेशनल रोलबॉल चैंपियनशिप में गोलकीपर सिद्धि खुराना सिल्वर मेडल जीतने वाली यूपी की टीम में शामिल थीं। फेडरेशन कप के लिए चयनित खिलाड़ी बुधवार को पुणे के लिए रवाना हो गए। आरएसडी समूह के निदेशक डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जी कुमार, डॉ. गौरव कुमार, संजय मेहरोत्रा, परमेश चरन, फिरोज खान, रिंपी सिंह ने खिलाड़ियों को विजयी होने के लिए शुभकामनाएं दी।