पाकबड़ा। थानाक्षेत्र के मौढ़ा तैय्या गांव में संदिग्ध हालत में नवविवाहिता की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जहर खिलाकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर निवासी कृपाल सिंह ने अपनी बेटी रीना ( 25) की शादी दस माह पहले मौढ़ा तैय्या निवासी विक्रम के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों ने विवाद होने लगा था। मायके वालों का आरोप है कि पति विक्रम, जेठ चमन, जेठानी कविता व ननद प्रवेश व सास ससुर आये दिन दहेज के लिए प्रताड़ित कर मारपीट करते रहते थे। मृतका के भाई चंद्र किशोर ने बताया कि मंगलवार की रात तकरीबन चार बजे विक्रम ने फोन करके बताया की रीना की तबीयत बहुत खराब है, जबकि रात रीना से मेरी बात हुई थी। तब उसने तबीयत खराब होने की कोई जानकारी नहीं दी थी। बुधवार सुबह चार बजे विक्रम ने बताया कि रीना की हालत ज्यादा खराब हो गई है। तुम सब लोग आ जाइए और फोन काट दिया। तब विक्रम को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन नही उठाया। सुबह सात बजे मायके वाले ससुराल में पहुंचे तो रीना मृत अवस्था मे पड़ी हुई थी। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मोहित चौधरी और सीओ हाईवे देश दीपक सिंह भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। रीना के भाई चन्द्रकिशोर ने पुलिस को पति विक्रम, जेठ चमन, जेठानी कविता, ननद प्रवेश और सास ससुर के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।