अमरोहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को हसनपुर, रहारा, अमरोहा और मंडी धनौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सात अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया। जबकि योग्य डॉक्टर नहीं मिलने पर पंजीकृत तीन अस्पतालों में चल रहे ऑपरेशन थिएटर को भी बंद कर दिया है। सभी संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं विभाग की टीम देखकर कई झोलाछाप दुकान बंद कर भाग गए।
कार्यवाहक सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह और हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी ध्रवेंद्र सिंह ने क्लीनिकों व नर्सिंग होम में छापेमारी की। ढक्का में संचालित इरम हेल्थ केयर सेंटर के संचालक से पंजीकरण से संबंधित कागज मांगे, तो वह कागज नहीं दिखाया पाया। इसके अलावा फरहीम क्लीनिक और शान फार्मेसी में भी चेकिंग की गई। जहां पंजीकरण से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। ढक्का में डाॅ. मुर्तजा क्लीनिक का भी कोई पंजीकरण नहीं मिला। तीनों क्लीनिक को सील कर दिया गया।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सैदनगली पहुंची, जहां अरसा हास्पिटल की ओटी और एनबीएसएसयू को सील किया गया। इसके अलावा अमरोहा में भारत हेल्थ नर्सिंग होम और लक्ष्मी दाई क्लीनिक को सील कर दिया। जबकि जनता नर्सिंग और राहत का ऑपरेशन थिएटर सील किया गया है। वहीं रहरा क्षेत्र में श्रीपाल क्लीनिक और मंडी धनौरा क्षेत्र में अर्चना जच्चा बच्चा केंद्र को भी सील किया गया है। कार्यवाहक सीएमओ ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर मरीजों की जान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।