मुरादाबाद। गुरुवार सुबह कोतवाली क्षेत्र में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर के घर में नौकर मृत अवस्था में मिला तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल कराई। गुरुवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष व व्यापारी विनोद गुंबर का आवास कोतवाली क्षेत्र के कोठी वाला नगर में है। उनके आवास पर तीन माह पहले ही मुकेश रावत (32) निवासी हातिम सराय थाना नखासा जनपद संभल नौकरी करने आया था। विनोद गुंबर के बेटे संजुल ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले मुकेश छुट्टी लेकर अपने घर गया था। बुधवार दोपहर ही वह अपने घर से लौटा था। उन्होंने बताया कि बुधवार को परिवार के सभी सदस्य लोहड़ी मनाने बाहर गए थे। बुधवार रात 12 बजे घर लौटे थे। उस वक्त नौकर मुकेश ने ही आवास का मुख्य दरवाजा बंद किया था। संजुल ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह उसने नहाने के लिए पानी का पंप चलाया तो पानी नहीं आ रहा था। वह पाइप चेक करने के लिए मुकेश के कमरे से अटैच बाथरूम में पहुंचा तो उन्होंने देखा कि मुकेश फ र्श पर औंधे मुंह पड़ा है। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि मुकेश की मौत हार्ट अटैक से हुई थी।