एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सभी थाना और चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को भी लगाया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टैक्सी और रिक्शा स्टैंड समेत सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो सोमवार की सुबह से तैनात होंगे। महिलाओं की सुरक्षा पर पुलिस विशेष ध्यान रखेगी।
आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक के लिए मंदिरों में भीड़ को देखते हुए नागफनी क्षेत्र के चौरासी घंटा मंदिर और झारखंडी मंदिर पर सीओ कोतवाली के नेतृत्व में 150 पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। दोनों स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। पुलिस के साथ ही दो प्लाटून आरएएफ और एक प्लाटून पीएसी जवानों को भी तैनात किया गया है।
एसपी देहात कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए भी एक टीम काम कर रही है। एलआईयू के जवान भी जगह जगह भ्रमण करते हुए अपनी रिपोर्ट एसएसपी को देंगे।