मैनाठेर। गांव जटपुरा स्थित जूनियर हाईस्कूल में चल रहे निर्माण कार्य में तैनात एक चौकीदार ने गांव के ही दो लोगों पर निर्माण सामग्री उठाने, विरोध करने पर मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि वह ग्राम पंवासा थाना हयातनगर जिला संभल का निवासी है और गांव जटपुरा थाना मैनाठेर में शोगेन्द्र ठेकेदार के यहां चौकीदारी का कार्य करता है।
जूनियर हाईस्कूल जटपुरा में चल रहे निर्माण कार्य की सामग्री की देखरेख उसकी जिम्मेदारी है। आरोप है कि 6 दिसंबर की दोपहर वह खाना लेने गया था। उसी दौरान गांव जटपुरा निवासी सुधीर पुत्र स्व. करन सिंह और उसका पुत्र सनी बिना अनुमति के निर्माण सामग्री, बजरफुट, बजरी व स्टील की चादरें उठा ले गए। जब पीड़ित ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने खुद को गांव का मुखिया बताते हुए धमकाया।
पीड़ित ने इस घटना की जानकारी ठेकेदार शोगेन्द्र को दी। इसके अगले दिन सुधीर और सनी दोबारा आए और पीड़ित के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने गंदी-गंदी गालियां दीं, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने मामले की पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद