मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से प्रेम विवाह करने के बाद युवक ने दूसरी शादी कर ली। महिला ने इस मामले में पति समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार सूर्यनगर निवासी अनीता ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पहले पति की मृत्यु के बाद उसने अमरोहा देहात के लालू नगला निवासी अजय कुमार से 2019 में प्रेम विवाह किया था। अनीता ने आरोप लगाया कि जून 2025 में उसके पति अजय ने उसे तलाक दिए बिना चोरी-छिपे अमरोहा के धनौरा थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली है। इसमें अजय कुमार की मां वेगवती, पिता ऋषिपाल और देवर अनिकेत ने भी उसका साथ दिया है। 10 जुलाई 2026 को उसका पति अजय कुमार घर जाने की बात कहकर गया और उसके बाद अपना फोन बंद कर लिया। सीओ अनिभव द्विवेदी ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो