मुरादाबाद। लाभार्थी के लिए कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज रिजर्व रखी जाएगी। पहला टीका लगने के 28 दिन बाद लाभार्थी को दूसरा टीका लगाया जाएगा। लाभार्थी को दूसरी डोज भी उसी कंपनी की वैक्सीन की लगनी है। इसलिए दूसरी डोज को पहले ही रिजर्व कर लिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार से टीकाकरण की शुरुआत हो जाएगी। गुरुवार को कोविशील्ड कंपनी की वैक्सीन की पहली खेप मुरादाबाद पहुंच गई। कोरोना वैक्सीन की 22950 डोज आई हैं। पहले दिन 600 हेल्थ केयर वर्करों को टीका लगाया जाएगा। इन लाभार्थियों को दूसरा टीका 28 दिन बाद लगाया जाएगा। कंपनी न बदले इसलिए दूसरी डोज के लिए वैक्सीन रिजर्व रखी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक लाभार्थियों के लिए दूसरी डोज रिजर्व रखनी है। ताकि लाभार्थी को एक ही कंपनी दोनों डोज दी जा सकें।