कुंदरकी। अपर निदेशक स्वास्थ्य ने पिछले माह कुंदरकी नगर में डींगरपुर रोड के किनारे संचालित आरब हेल्थ केयर का औचक निरीक्षण किया था तो उस समय ऑपरेशन थियेटर भी संचालित मिला था। एडी हेल्थ ने अपनी मौजूदगी में सील लगवा दी थी। आरोप कि संचालक ने एडी हेल्थ द्वारा लगवाई गई सील तोड़कर इस अस्पताल में संचालक द्वारा मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया।
अस्पताल संचालक ने ऑपरेशन थियेटर पर भी संचालित कर लिया गया। इस मामले में शिकायत मिलने पर सीएमओ द्वारा गठित स्वास्थ्य टीम ने बुधवार को आरब हेल्थ केयर पर फिर से छापा मारा तो यहां पर निरीक्षण के दौरान आठ मरीज भर्ती मिले जिनमें दो मरीजों की सिजेरियन ऑपरेशन से डिलीवरी होना बताई गई।
खास बात यह है कि स्वास्थ्य टीम को सिजेरियन ऑपरेशन से संबंधित फाइल में सर्जन और विशेषज्ञ चिकित्सकों के कोई नोट्स भी अंकित नहीं मिले जिससे स्पष्ट हो रहा है कि मरीजों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा था। स्वास्थ्य टीम में शामिल डिप्टी सीएमओ डॉ संजीव बेलवाल, नोडल अधिकारी डॉ राजीव कुमार शर्मा और कुंदरकी सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ नवल किशोर ने मरीजों को स्वेच्छा से उनके घरों और अन्य अस्पतालों में जाने दिया गया। वहीं स्वास्थ्य टीम ने अस्पताल में दो जगह वेल्डिंग से मजबूत सील लगवा दी और ऑपरेशन थियेटर यानि ओटी से संबंधित समान को जब्त करने की कार्रवाई की है। इस दौरान लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। स्वास्थ्य टीम ने सीएमओ को अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी है।