ठाकुरद्वारा। नगर के एक कबाड़ व्यापारी को मंगलवार को देर रात बीच बचाव करते समय कैंची मारकर गंभीर घायल कर दिया। नगर के मोहल्ला वार्ड 21 हाजी नगर रोड पर कुछ लोगों में रात करीब 10 बजे झगड़ा हो रहा था। तभी मोहल्ले के निवासी कबाड़े का व्यापार करने वाले मोहम्मद सलीम ( 50) बीच बचाव करने वहां पहुंच गए। उनके मौसेरे भाई नफीस सिद्दीकी ने बताया कि बीच बचाव करने पर मोहम्मद सलीम को एक व्यक्ति ने उनके सीने के पास और माथे पर कैंची से वार किए। हमले में मोहम्मद सलीम गंभीर घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर कोतवाली पहुंचे। वहां से उन्हें नगर के सरकारी अस्पताल में भेजा गया। वहां से उन्हें तुरंत निजी एंबुलेंस से काशीपुर के निजी अस्पताल में भेज दिया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें काशीपुर से भी रेफर कर दिया गया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए अभी तहरीर नहीं मिली है।