मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित गोविंदपुरम योजना रेरा की मंजूरी के लिए भेज दी गई हैं। एमडीए के अधिकारियों का कहना है कि रेरा से मंजूरी मिलने पर योजना के तहत इसमें साइंस एंड टेक्नोलॉजी पार्क भी बनेगा।
दिल्ली रोड पर मंगूपुरा और मनोहरपुर की जमीन पर गोविंदपुरम आवासीय योजना तैयार करने के लिए एमडीए ने तैयारी कर ली है। बोर्ड बैठक में इस आवासीय योजना का ले-आउट भी अनुमोदित हो गया है। 47 हेक्टेयर की प्रस्तावित योजना में फिलहाल लगभग 35 हेक्टेयर पर योजना को शुरू किया जाएगा। इस योजना में विभिन्न साइज के लगभग 600 भूखंड होंगे। इसमें 20 से अधिक व्यावसायिक भूखंड हैं। आवासीय योजना में इंटर कॉलेज, जूनियर हाईस्कूल के अलावा दो नर्सरी स्कूल भी हैं। यहां आवासीय भूखंड 40 हजार 500 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मिलेंगे। वहीं व्यावसायिक भूखंड 81 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से बेचे जाएंगे। योजना के मध्य में साइंस एंड टेक्नोलॉजी पार्क भी बनाया जाएगा। एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने योजना की फाइल रेरा में पंजीकरण के लिए भेज दी है। ब्यूरो