स्कूल संचालिका के भाई ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस बारीकी से जांच करें
पाकबड़ा (मुरादाबाद)। डॉन वास्को एकेडमी स्कूल की संचालिका विमला कुमारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों ने मौत की वजह जानने के लिए विसरा को सुरक्षित रख लिया है। इधर संचालिका के भाई ने मैनेजर पर छह लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने घटना के पीछे साजिश मानते हुए पुलिस को जांच गंभीरता के साथ करने का अनुरोध किया है।
कैलसा रोड स्थित डॉन वास्को स्कूल की संचालिका विमला कुमारी का शव स्कूल के कमरे में मिला था। पोस्टमार्टम से मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण अब विसरा जांच पर परिजनों की निगाह है। घटना के बाद आए स्कूल संचालिका के भाई मनोज कुमार विद्यार्थी ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की मौत को देर तक छिपाया गया था। बहन की मौत रविवार की सुबह हुई थी लेकिन उनको इसकी सूचना शाम को दी गई। स्कूल के मैनेजर बब्बू मंसूरी बार बार अपना बयान बदल रहा है। वह कभी शनिवार की रात को और कभी रविवार सुबह मौत का समय बता रहा है। उसकी बहन बीमार नहीं थी। आसपास के लोगों ने बताया कि उसकी बहन शनिवार को स्कूटी चला रही थी। वह दीपावली पर्व की तैयारी कर रही थी। आरोप लगाया कि स्कूल की देखभाल करने के लिए रखे गए मैनेजर बब्बू मंसूरी ने उसकी बहन से छह लाख रुपये लिए थे। बहन पैसे वापस मांग रही थी, लेकिन मैनेजर पैसे वापस नहीं कर रहा था। बहन ( स्कूल संचालिका )ने स्कूल के पास ही एक प्लाट खरीदा था। बहन ने 23 लाख 20 हजार रुपये देकर जमीन का एग्रीमेंट कराया था। बाकी छह लाख रुपये देकर उसकी रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन मैनेजर बब्बू मंसूरी ने छह लाख रुपये अपने ईंट भट्ठे में लगाने के नाम पर उधार लिया था। वह पैसे वापस नही कर रहा था।
बहन की नहीं हुई थी शादी
भाई ने कहा कि उसकी बहन की शादी नहीं हुई थी। स्कूल के मैनेजर ने एक बार भी पुलिस के सामने उसके साथ शादी होने की बात कबूल नहीं की है। यदि उसकी बहन की शादी हुई होती तो वह हिसाब की डायरी में पैसे का हिसाब क्यों लिखती थी। भाई ने पुलिस से मांग की है कि बहन के मौत के कारणों को जांच गंभीरता से करे। बहन की मौत स्वाभाविक मौत नहीं है। इस बारे में थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बिसरा की रिपोर्ट भी पुलिस जल्द मंगाने की कोशिश करेगी।