गलत जानकारी के आधार पर बृहस्पतिवार को करूला के पास पीटीओ (यात्री कर अधिकारी) ने एक स्कूल बस का 32,500 रुपये का चालान किया। इसके बाद बस को जब्त कर आरटीओ दफ्तर भेज दिया। बस जब्त किए जाने के कारण स्कूल जा रहे 35 बच्चों की परीक्षा भी छूट गई।
एडम एंड ईव्स स्कूल की की बस शहर से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान के तहत पीटीओ ने करूला के पास बस का 32,500 रुपये का चालान कर दिया। स्कूल संचालक सपा जिला महासचिव मुदस्सिर खान ने बताया कि स्कूल बस का चालान दूसरी गाड़ी के नंबर के आधार पर किया गया। बस का नंबर यूपी 21 बीएन 2462 है, पर पीटीओ ने गलत नंबर यूपी 21 सीएन 2462 की ऑनलाइन जांच के आधार पर चालान किया। पीटीओ ने कहा कि इस गाड़ी का पहले से चालान है और अभी तक जुर्माना जमा नहीं किया गया। इस दौरान पीटीओ ने बच्चों को सड़क पर उतार दिया और स्कूल बस को आरटीओ दफ्तर में ले जाकर बंद कर दिया। इससे बच्चों की परीक्षा छूट गई।
मुदस्सिर खान ने बताया कि बस के चालक का मोबाइल फोन पीटीओ ने रख लिया, इसलिए स्कूल कर्मचारियों का बस चालक से संपर्क नहीं हो रहा था। इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य, बच्चों के माता-पिता भी परेशान थे। उन्होंने बताया कि आरटीओ दफ्तर पहुंचकर जब गाड़ी के कागज दिखाए तब जाकर आरटीओ प्रशासन राजेश सिंह ने गाड़ी छोड़ने का आदेश दिया। इस दौरान सपा जिला प्रदेश सचिव गुलजार अहमद, जिला पंचायत सदस्य नावेद बबलू, सलीम अहमद, पप्पू चौधरी, सहरिया, खलील अहमद, ठाकुर मुकेश सिंह आदि ने पीटीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
00
सात स्कूली बसों का किया एक लाख का चालान
स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान के तहत आरटीओ ने बृहस्पतिवार को सात बसों का करीब एक लाख का चालान किया। आरटीओ (प्रशासन) राजेश सिंह ने बताया कि जिन बसों का चालान किया गया, उन बसों की फिटनेस खत्म हो गई थी या बसें फिटनेस के मानकों को पूरा नहीं कर रही थीं।
00
पीटीओ के द्वारा गलती से गाड़ी का चालान हुआ था, लेकिन कागज देखने के बाद स्कूल बस को छोड़ दिया गया। स्कूल बस का चालान निरस्त कर दिया गया। पीटीओ को चेतावनी दी गई कि आगे से इस तरह की गलती होने पर कार्रवाई की जाएगी। - राजेश सिंह, आरटीओ प्रशासन, मुरादाबाद