अभियान के तहत बेटियों को दो लाख रुपये मिलने की अफवाह पर पोस्ट आफिस में टूटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाई अभियान के तहत बेटियों को दो लाख रुपये मिलने की अफवाह बुधवार को भी फैली रही। भारत सरकार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के नाम रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट करने वालों की डाकघर में भीड़ लगी रही। डाकघर में फॉर्म की रजिस्ट्री करने वालों की संख्या सैकड़ों में थी।
इसी बीच डाक विभाग कर्मचारियों और डाकघर पहुंची महिलाओं के साथ नोकझोंक भी हुई। गुस्साई महिलाओं ने इस दौरान रजिस्ट्री काउंटर का शीशा भी तोड़ दिया। मंगलवार को रामपुर, मिलक समेत कई क्षेत्रों में यह अफवाह उड़ी की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एक फार्म मिल रहा है।
इस फार्म को भरकर भारत सरकार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में भेजने से बेटियों के लिए दो लाख रुपये मिल रहे हैं। इस अफवाह के फैलते ही डाकघरों में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट करने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। मुरादाबाद मुख्य डाकघर में बुधवार को भी भारी भीड़ जमा हो गई।
लोगों की इतनी संख्या देख डाक विभाग कर्मचारी हैरान हो गए। महिलाओं में रजिस्ट्री कराने की होड़ लगी रही। इसी होड़ में महिलाओं ने रजिस्ट्री काउंटर पर लगे शीशे को तोड़कर अपना फार्म कर्मचार को देना शुरू कर दिया। इससे गुस्स्साए कर्मचारियों ने एक से डेढ़ घंटे तक कार्य बहिष्कार कर दिया।
काउंटर का शीशा टूट कर विभाग के कर्मचारी अखिलेश कुमार पर गिरा। गनीमत है कि उन्हें कोई चोट नहीं आई। डाकघर के प्रवर अधीक्षक का कहना है कि गुस्साई भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस की मदद ली गई। ढाई लाख वाली बात की जानकारी मुझे नहीं है।