मुरादाबाद। कोतवाली में एक सराफ के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि गिरवी रखे गए तीन लाख रुपये के जेवर सराफ ने गायब कर दिए हैं। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
कोतवाली के क्षेत्र मोहल्ला दीनदारपुरा निवासी अंकुश जैन ने कोर्ट की मदद लेते हुए केस दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने बताया कि उसने कचहरी रोड चौराहा गंज गुरहट्टी स्थित प्रभा ज्वेलर्स के मालिक अभय गुप्ता की दुकान पर अपनी पत्नी की सोने की चूड़ियां, गिन्नी, अंगूठी और अन्य सोने के जेवर रखकर एक लाख रुपयों में गिरवी रखा था। इस जेवर की कीमत तीन लाख रुपये हैं। कुछ दिन बाद वह पैसे देकर अपने जेवर लेने गए तो अभय गुप्ता ने जेवर देने से इन्कार कर दिया और उनके साथ मारपीट की। कोतवाली सीओ सुनीता दहिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।