मेरठ से प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस ट्रेन में बुधवार शाम बम की सूचना से हड़कंप मच गया। जीआरपी कंट्रोल रूम लखनऊ में कॉल कर ट्रेन में होने की जानकारी दी। सूचना मिली तो आनन-फानन में ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रोक कर डाग स्क्वाड ने जांच की, लेकिन बम नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना कर दी गई।
एसपी रेल सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि बुधवार शाम 7.32 बजे किसी व्यक्ति ने जीआरपी कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना दी कि मेरठ से प्रयागराज जा रही संगम एक्सप्रेस में बम है। जिससे हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में ट्रेन हापुड़ पहुंचने वाली थी।
इसके बाद टीमें अलग हो गई। जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारी स्टेशन पर पहुंच गए। देर शाम 7.50 बजे जैसे ही ट्रेन हापुड़ स्टेशन पहुंची ट्रेन को रोक दिया गया। डाग स्क्वाड और बम निरोधक दल के साथ जीआरपी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई।
टीम ने ट्रेन की जांच की, लेकिन बम नहीं मिला। इसके बाद नौ बजकर 45 मिनट पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। मुरादाबाद मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। इससे पहले भी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को उखाड़ने की धमकि यां मिल चुकी हैं।
कॉल करने वाला फोन बंद, तलाश में जुटी जीआरपी
जीआरपी एसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि ट्रेन की तलाशी ली गई। लेकिन कुछ नहीं मिला है। कोच से लेकर टायलेट तक को चेक किया गया है। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई है। वह मोबाइल बंद जा रहा है। सर्विलांस की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।