मुरादाबाद। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के ढाबों पर छापे डालकर वहां बन रहे भोजन में प्रयोग होने वाले पनीर, मसाले, रिफाइंड के नमूने लिए । विभाग की कार्रवाई से ढाबा संचालकों में खलबली मची रही।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीप्रकाश के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शहर के कांठ रोड स्थित ढाबों पर जाकर जांच की। फौजी जाट पंजाबी ढाबे से रिफाइंड सोयाबीन तेल, पनीर और फैट स्प्रेड का नमूना लिया गया। यहां पर लाइसेंस की शर्त के अनुसार मानकों का पालन नही किया जा रहा था। संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। पंजाबी ढाबे के यहां से पनीर, लाल मिर्च पाउडर और रिफाइंड का नमूना लिया गया। शिवलोक ढाबे से मिश्रित दूध और रिफाइंड सोयाबीन आयल का नमूना लिया गया। शिव ढाबा मैगी प्वाइंट से मिश्रित दूध और पनीर का नमूना लिया गया। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी ढाबा संचालकों को अपने यहां साफ सफाई रखने की सख्त हिदायत दी गई। ढाबों के स्टाफ को मास्क, स्प्रेन ,ग्लब्स आदि पहनने के लिए कहा गया। प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।