संभल जनपद के असमोली थाना इलाके के मिलकपुर नवादा के रहने वाले मोहम्मद आसिफ अपने साथी मुशाहिद, अंकित और तहजीबुल व अन्य दो व्यक्तियों के साथ पानीपत में मजदूरी करते हैं। शुक्रवार की रात सभी लोग कार में सवार होकर घर लौट रहे थे।
मोबाइल पर खोल रखा था गूगल मैप
इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल पर गूगल मैप खोल रखा था। गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रहे थे। रात को करीब 9:30 बजे गूगल मैप के कारण वह रास्ता भटक गए और डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पतेई खालसा में पहुंच गए।
चोरों के पकड़े जाने की अफवाह फैलते ही जुट गए ग्रामीण
इस दौरान कार में सवार मजदूरों ने पतेई खालसा के ग्रामीणों से संभल जाने के लिए रास्ता पूछा तो उन्होंने चोर समझकर मजदूरों को घेर लिया। इस दौरान दो मजदूर भाग निकले। चोरों के पकड़े जाने की अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों की पिटाई से मजदूर तहजीबुल और अंकित घायल
इसके बाद ग्रामीणों ने मजदूरों की बुरी तरह पिटाई की। ग्रामीणों की पिटाई से मजदूर तहजीबुल और अंकित लहूलुहान हो गए। मजदूरों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं हुआ। जैसे ही मजदूर कुछ बताने की कोशिश करते तो ग्रामीण उनकी बात सुनने की बजाय पिटाई करने लगते थे।
इस दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर उनकी कर तोड़ दी। सूचना मिलते ही डिडौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के चंगुल से मजदूरों को बचाया। बाद में पुलिस ने घायल मजदूर तहजीबुल और अंकित को डिडौली स्थित जीवन-24 हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
यहां आईसीयू में दोनों का इलाज चल रहा है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में मजदूर मोहम्मद आसिफ की तहरीर पर मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वीडियो और फोटो के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।