संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान रविवार को हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस ने अब तक 25 लोगों को हिरासत में लेने के साथ समाजवादी पार्टी के सांसद जिआउर्रहमान बर्क और सदर विधायक इकबाल महमूद के बेटे सोहेल इकबाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा 2500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। और जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी के सांसद जिआउर्रहमान बर्क के खिलाफ भी हिंसा भड़काने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के दौरान उनका क्या भूमिका रही।
संभल शहर की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए कोर्ट में वाद दाखिल किया गया है। कोर्ट कमिश्नर की टीम रविवार को मजिस्द में सर्वे के लिए पहुंची। इस बीच बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में दाखिल होने कोशिश करने लगी। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। हिंसक हुई भीड़ ने सीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और आग लगा दी। इसी बीच फायरिंग भी शुरू हो गई। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। बवाल में घिरकर पांच लोगों की मौत हो गई। कई अधिकारियों समेत दर्जनों लोग घायल हुए हैं।