एकांत बैरक में रखे गए संभल बवाल के आरोपी
जेल में अवैध मुलाकात कराने में दो अफसरों के सस्पेंड होने के बाद यहां कड़ा पहरा कर दिया गया है। संभल बवाल के आरोपियों को एकांत बैरक में रखा गया है। इसके अलावा जेल में अन्य बंदियों से मुलाकात करने वाले मुलाकातियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
24 नवंबर को संभल में जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान बवाल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने तीन महिला समेत 27 आरोपी जेल में बंद हैं। सोमवार को सपाइयों ने इनसे मुलाकात की थी। इसके बाद से हड़कंप मचा हुआ है। इसके बाद से जेल के बाहर से लेकर अंदर तक सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। बृहस्पतिवार को बंदियों और कैदियों की दो शिफ्टों में मुलाकात कराई गई। इस दौरान मुलाकात स्थल पर बंदी रक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान एक एक मुलाकाती पर नजर रखी गई कि कोई मुलाकात संभल बवाल के आरोपियों से मुलाकात तो नहीं कर रहा है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी एक टीम लगातार निगरानी कर दी गई। तीन जगह चेकिंग के बाद ही मुलाकातियों को प्रवेश दिया गया।
ऑनलाइन पर्ची बनवाकर आरोपियों के परिजनों ने की मुलाकात
संभल बवाल के आरोपियों से उनके परिजनों ने बृहस्पतिवार को भी मुलाकात की। उन्होंने ऑनलाइन पर्ची बनाकर जेल नियम के मुताबिक की मुलाकात की है। इस दौरान सभी का डाटा भी रजिस्टर में दर्ज किया गया है। बंदी रक्षक और अधिकारियों ने यह भी देखा कि कोई अन्य व्यक्ति को मुलाकात नहीं कर रहा है।
फुटेज से खंगाली जा रही मुलाकातियों की पहचान
संभल बवाल के 27 आरोपी जिला जेल में बंद हैं। इनमें से तीन महिलाएं महिला बैरक में हैं जबकि अन्य आरोपी पुरुष बैरक में रखे गए हैं। सोमवार को सपाइयों ने मुलाकात की थी। जांच कर रहे डीआईजी जेल ने उस दिन की फुटेज भी खंगाली। जिसमें देखा गया है कि कितने लोग मुलाकात करने गए थे।
सपा के जिला सचिव मुदस्सिर हुसैन का कहना है कि उन्होंने जेल नियम के मुताबिक मुलाकात की थी। इसे मुद्दा बनाया जा रहा है। सात सदस्य जेल में गए थे। जिन्होंने प्रार्थना पत्र देकर मुलाकात की मांग की थी। इसमें एक पूर्व सांसद, दो वर्तमान विधायक भी मौजूद थे। इसके अलावा बाकी कार्यकर्ता जेल से बाहर ही मौजूद रहे थे।