Sambhal Shiv Mandir Update: संभल नगर के खग्गू सराय में स्थित प्राचीन शिव मंदिर को भगवा रंग से रंग दिया गया है। सोमवार को रंगाई पुताई का काम किया गया। इस दौरान सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त की गई। इसके अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ भी दिनभर मंदिर में दिखाई दी।
सुबह और शाम की आरती में काफी संख्या में लोग शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। प्राचीन शिव मंदिर 46 वर्ष बाद खुला है। शहर से लेकर देहात तक के लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस मंदिर में 1978 के दंगों के बाद ताला लग गया था।
हिंदू आबादी शहर के अलग-अलग हिस्सों में पलायन कर गई थी। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में मंदिर था तो पूजा पाठ भी बंद हो गया था। 14 दिसंबर को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान डीएम और एसपी को इस बंद मंदिर की जानकारी हुई थी।
डीएम और एसपी के निर्देश पर मंदिर से ताले खोले गए और सफाई कराई गई। इस मंदिर के आसपास जो अतिक्रमण हो गया था। उसको डीएम ने हटाने के निर्देश दिए।