उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में जौहर यूनिवर्सिटी के पास समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर दर्ज किए जा रहे मुकदमों और जोहर यूनिवर्सिटी पर की जा रही कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने साइकिल रैली को 2022 के चुनाव प्रचार का आरंभ बताते हुए कहा कि आज मौसम सुंदर हो गया। साइकिल चलेगी तो प्रदेश में राजनैतिक मौसम भी बदल जाएगा। मुरादाबाद में पत्रकारों के साथ हुई झड़प को उन्होंने अपने ऊपर हमला करार दिया।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में सुनियोजित षड्यंत्र था पहले लिफ्ट बंद कर दी गई ताकि हम लोग नहीं निकल सके, लेकिन किसी ने यह खबर नहीं चलाई। बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में भी उन्होंने बोलते हुए कहा कि तमाम एजेंसियां उनके पीछे लगा दी गई हैं।
उन पर भी हमला किया गया है उनके पैर में चोट लगी है ये सब इसलिए किया जा रहा है कि वह चुनाव प्रचार ना कर सकें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर सबसे ज्यादा गिरावट भारत में आई है। जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है उसे जेल में टूंस दिया जाता है।