ठाकुरद्वारा। शिवनगर पत्थर खेड़ा में 25 जुलाई को हुए गोकशी के मामले में पुलिस की कार्रवाई से साधु संत और हिंदू संगठन संतुष्ट नहीं है। इस मामले में प्रमुख रूप से सक्रिय शिवनगर मंदिर के महंत बच्चा बाबा ने बताया कि इस संबंध में रविवार को साधु संतों और हिंदू संगठनों की एक बैठक हुई है। जिसमें पुलिस की इस मामले में की गई कार्रवाई पर चर्चा की गई। जिसमें उपस्थित लोगों ने कहा कि पुलिस ने गोकशी के मामले में की गई कार्रवाई में लापरवाही की है। 25 जुलाई को सुबह 9:35 पर घटना को दिखाया गया है जबकि यह घटना सुबह लगभग 4:00 बजे की थी। जिसके सबूत उनके पास है। इसमें एक आरोपी ने अपने बचाव के लिए अपनी लोकेशन 9:30 बजे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई है। पुलिस की लापरवाही के चलते इस मामले के कई आरोपियों को कोर्ट से जमानत भी मिल चुकी है। बच्चा बाबा ने कहा कि इस संबंध में शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन के स्थानीय और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेगा। उन्हें अपने असंतोष को अवगत कराएगा। यदि कोई कार्रवाई नहीं हो तो इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ले जाया जाएगा।