मुरादाबाद। सद्भावना व सुहेलदेव एक्सप्रेस से कुछ एसी कोच हटाकर स्थायी रूप से अनारक्षित कोच जोड़े जाएंगे। इसी सप्ताह रेलवे इसे लागू कर रहा है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें आरक्षित बोगियों में खड़े होकर सफर नहीं करना पड़ेगा।
बहुत जल्द आला हजरत समेत कुछ अन्य ट्रेनों में भी अनारक्षित कोच जोड़े जा सकते हैं। रेलवे द्वारा एक्स पर पोस्ट की गई सूचना के अनुसार (14008-07) आनंदविहार-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस, (14016-15) आनंदविहार-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस, (14014-13) आनंदविहार-सुल्तानपुर सद्भावना एक्सप्रेस, (14018-17) आनंदविहार-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस में जनरल कोच की संख्या बढ़ाकर छह की जा सकती है। इसके अलावा (22420-29) आनंदविहार-गाजीपुर सिटी सुहेलदेव एक्सप्रेस में अनारक्षित कोच की संख्या चार हो सकती है। डीआरएम राजकुमार सिंह ने बताया कि मंडल से गुजरने वाली जिन ट्रेनों में कोविड से पहले अनारक्षित कोचों की संख्या अधिक थी, उसी प्रकार व्यवस्था बनाई जा रही है। मंडल की ओर से सुझाव जाने के बाद जोनल मुख्यालय इस पर काम कर रहा है। जरूरत पड़ने पर अनारक्षित क्लोन ट्रेनें भी चलाए जाने की चर्चा है। रेलवे की प्राथमिकता है कि आरक्षित कोचों में यात्रियों को परेशानी न हो और अनारक्षित यात्री भी ठीक से सफर कर सकें।