सबीह खान की बचपन की तस्वीर
- फोटो : Amar Ujala
सबीह खान का जन्म 1966 में मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र में मुरादाबाद की ब्रास एक्सपोर्ट इंडस्ट्री के फाउंडर यार मोहम्मद खान के परिवार में हुआ था। उनके पिता सईद यू खान मूलत: रामपुर के रहने वाले थे। 1963 में यार मोहम्मद खान की पोती साजदा खान से शादी के बाद सईद यू खान यहीं एक्सपोर्ट का काम देखने लगे थे।
यहीं सबीह का जन्म हुआ और उन्होंने पांचवीं तक की शिक्षा सेंट मैरी स्कूल में हासिल की। इसके बाद सहीब के पिता सईद यू खान परिवार समेत सिंगापुर शिफ्ट हो गए और वहीं अपना कारोबार शुरू कर दिया।
सबीह खान के ममेरे भाई जमान खान बताते हैं कि सबीह की स्कूलिंग सिंगापुर में हुई और फिर अमेरिका से उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। वाशिंगटन की लड़की से शादी करने वाले सबीह के तीन बच्चे हैं। अब वह सिंगापुर में सेटल हो चुके हैं। पिछली बार करीब 10 साल पहले सबीह अपने ममेरे भाई जुहैब खान की शादी में मुरादाबाद आए थे। अमेरिका दौरे में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एप्पल चीफ टिम कुक से मुलाकात की तब भी सबीह उनके साथ थे। उनकी उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
जमान खान बताते हैं कि सबीह खान सादगीपसंद हैं। हिंदी पर उनकी मजबूत पकड़ है और आज भी हिंदी गाने और पार्ले जी का बिस्किट उनकी पहली पसंद है। सबीह के दो छोटे भाइयों में से एक शमी खान लंदन में बस गए हैं और दूसरे सलमान खान सिंगापुर में ही हैं।