- लॉबी पर यूआरएमयू की गेट मीटिंग, निजीकरण रोकने और बोनस सीलिंग खत्म करने की मांग
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (उरमू) की लोको शाखा की ओर से बुधवार को मुरादाबाद लॉबी पर गेट मीटिंग आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चली बैठक में करीब 200 रनिंग कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने और सातवें वेतन आयोग के अनुसार पीएलबी बोनस का भुगतान करने की मांग उठाई।
मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता लोको शाखा अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव जयकुमार ने किया। कर्मचारियों ने बोनस सीलिंग समाप्त करने, सीडीआर और सीवीवीआरएस से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने तथा 88 लंबित एलपीजी पैनल पदों को भरने की मांग की। इसके अलावा क्रैक और सुपरक्रैक ट्रेनों का संचालन बंद करने, एलपी/एएलपी के लिए लीव रिजर्व कोटा 30 प्रतिशत करने और एलपीपी/एलपीएम पैनल में शेष कर्मचारियों को जल्द पोस्टिंग देने की मांग रखी। बैठक में जीडीसीई के 309 कर्मचारियों की साइको, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल और प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी कर पोस्टिंग कराने, मेमो ट्रेन में एएलपी की व्यवस्था और रनिंग स्टाफ की लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई गई। कर्मचारियों ने कहा कि लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इन्हें उचित मंच पर आगे उठाया जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष संजय माथुर, सहायक मंडल मंत्री जगन्नाथ सिंह, मंडल उपाध्यक्ष बत्ती लाल मीणा व केके पांडे समेत संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।