रामपुर। मध्यप्रदेश के इंदौर के किंग्स पार्क गार्डन में क्वारंटीन किए गए दो कोरोना पॉजिटिव सहित रामपुर के चार लोग भाग गए हैं। इस बारे में इंदौर के एसपी ने रामपुर पुलिस को सूचना दी है। दोनों कोरोना पॉजिटिव शाहबाद क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हैं। दो अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पश्चिम इंदौर के एसपी महेश चंद जैन ने रामपुर के एसपी को गुरुवार को अवगत कराया है कि कोविड-19 की आशंका में रामपुर जिले के चार लोगों को इंदौर के किंग्स पार्क गार्ड में क्वारंटीन किया गया था, जिसमें दो कोरोना पॉजिटिव हैं। चारों क्वारंटीन सेंटर के पीछे से कूदकर भाग गए हैं। इंदौर पुलिस ने इन चारों में से दो का पता उपलब्ध कराया है, जो कोरोना पॉजिटिव हैं। ये दोनों शाहबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। अन्य दो लोगों का सिर्फ पता उपलब्ध कराया गया है। इंदौर पुलिस द्वारा सूचना उपलब्ध कराए जाने के बाद शाहबाद पुलिस बिना वर्दी के गांव मे गई थी और लोगों को इस बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने गांव के लोगों से कहा कि अगर दोनों यहां दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। एसपी शगुन गौतम के मुताबिक इंदौर पुलिस ने जानकारी दी है कि वहां से रामपुर के चार लोग वहां से भागे हैं, जिसमें दो कोरोना पॉजिटिव हैं। जो कोरोना पॉजिटिव हैं वो शाहबाद क्षेत्र के रहनेे वाले हैं। उनके गांव में पुलिस गई थी, लोगों को इस बारे में अवगत कराया गया है। वैसे इनका लोकेशन भोपाल का आ रहा है। लॉकडाउन में उनका इंदौर से यहां आना संभव नहीं है। रामपुर पुलिस वहां की पुलिस के संपर्क में हैं।