मुरादाबाद। नेताओं ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए संभल में बवाल कराया। पुलिस की ओर से संभल कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में इस बात का दावा करते हुए कहा गया है कि सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भड़काऊ भाषण दिया और विधायक के बेटे सुहेल इकबाल ने भीड़ से कहा कि सांसद अपने साथ हैं, मंसूबे पूरे कर लो। इसके कारण ही उपद्रव हुआ और गोली मारकर सीओ की हत्या की भी कोशिश की गई।
संभल कोतवाली में तैनात दरोगा दीपक राठी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि चंदौसी स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट ने 19 नवंबर को टीम गठित कर संभल की शाही जामा मस्जिद का सर्वे करने का आदेश दिया था। 24 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे सर्वे टीम सर्वे कर रही थी। इसी दौरान वह सीओ अनुज चौधरी और अन्य अधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ जामा मस्जिद के गेट पर मौजूद थे। इसी दौरान 700-800 लोगों की भीड़ आ गई।
एफआईआर में इस बात का भी उल्लेख है कि 22 नवंबर को सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने जुमे की नमाज अदा करने के बाद बिना अनुमति के भीड़ को इकट्ठा कर भड़काऊ बयान दिया था। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए भीड़ को उग्र किया था। वहीं 24 नवंबर को सर्वे के दाैरान संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल ने भीड़ को उकसाते हुए कहा कि सांसद बर्क हमारे साथ हैं। हम तुम्हें कुछ नहीं होने देंगे।
दरोगा का आरोप है कि इसके बाद ही भीड़ उग्र हो गई। सीओ ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। एक उपद्रवी ने सीओ अनुज चौधरी को गोली मार दी, जो सीओ के पैर में लगी। इस तहरीर के आधार पर कोतवाली संभल में केस दर्ज किया गया है।
संभल कोतवाली में दर्ज किए गए केस में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को नामजद करते हुए 700-800 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। 22 नवंबर को सांसद ने जामा मस्जिद पर भड़काऊ बयान दिया था। 24 नवंबर को सुहेल इकबाल ने भीड़ को उकसाया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। - मुनिराज जी, डीआईजी
-
मैं लोगों की आवाज न उठा सकूं इसलिए मेरे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे बवाल के जिम्मेदार पुलिस-प्रशासन के अधिकारी हैं। पांच लोगों की हत्या की गई है। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए और जेल भेजा जाए। पूरे शहर की शांति को अधिकारियों ने खत्म किया है। - जियाउर्रहमान बर्क, सांसद, संभल
000000000000000000000
मैं भीड़ में कहीं नहीं था। मेरे ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं। अधिकारियों ने घर में रहने के लिए कहा था, इसलिए मैं घर में ही था। हमने पुलिस-प्रशासन का हमेशा सहयोग किया है। अब गलत तरीके से मुझे इस बवाल में आरोपी बनाया गया है। - सुहेल इकबाल, विधायक पुत्र
एफआईआर - 2
पिस्टल की मैगजीन लूटी, पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने का प्रयास
कोतवाली प्रभारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा- कई वाहनों में लगाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। बवाल के दौरान उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर पिस्टल की मैगजीन लूट ली थी। पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने की कोशिश भी की गई। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार ने संभल कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में यह आरोप लगाए हैं।
एफआईआर में लिखा है कि 24 नवंबर को सर्वे के दाैरान जामा मसिजद के बाहर सैकड़ों लोग जुट गए। भीड़ मस्जिद में घुसकर सर्वे टीम को नुकसान पहुंचाना चाहती थी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो भीड़ उग्र हो गई और दरोगा संदीप कुमार की पिस्टल की मैगजीन लूट ली, जिसमें दस कारतूस थे। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों से भी कारतूस लूत लिए और हथियार लूटने का प्रयास किया।
एफआईआर में कोतवाली प्रभारी में यह भी आरोप लगाए कि भीड़ धार्मिक नारे लगा रही थी और पुलिसकर्मियों को जलाने की बात कह रही थी। इसके बाद भीड़ ने कार और बाइकों में आग लगा दी। पुलिस ने उपद्रवियों का डटकर मुकाबला किया, जिससे जान बच सकी। कोतवाल की तहरीर के आधार पर 21 नामजद और 900 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जिसमें जानलेवा हमला, लूटपाट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
एफआईआर - 3
डिप्टी कलक्टर बोले, मुझे मारना चाहती थी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। सर्वे के विरोध में शुरू हुए उपद्रव के दाैरान भीड़ मुझे मारना चाहती थी। मेरे ऊपर पथराव किया, जिसमें कई जगह चोट आई। यह बातें डिप्टी कलक्टर रमेश बाबू ने संभल कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में कहीं।
डिप्टी कलक्टर ने बताया कि रविवार सुबह करीब नाै बजे अचानक भीड़ मस्जिद की ओर बढ़ने लगी। वह अपने हमराही होमगार्ड के साथ ड्यूटी पर थे। भीड़ में शामिल लोगों से कहा कि मस्जिद में सर्वे चल रहा है। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। पथराव में उनके पैर और कोहनी में गंभीर चोट आई है। डिप्टी कलक्टर ने एफआईआर में कहा कि भीड़ उनकी जान लेना चाहती थी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने 800 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
-
एफआईआर नंबर - 4
भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो मारी दी गोली : सीओ
संभल। सीओ संभल अनुज चौधरी ने भी उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सर्वे के दाैरान जब भीड़ मस्जिद में घुसने का प्रयास करने लगी तो रोकने का प्रयास किया। तभी एक उपद्रवी ने गोली चला दी, जो मेरे पैर में लगी।
संभल कोतवाली में दर्ज कराए गए केस में सीओ ने कहा कि रविवार सुबह शांति के साथ मस्जिद के अंदर सर्वे चल रहा था। तभी सैकड़ों की संख्या में लोग आ गए। उन्होंने सर्वे कार्यवाही में बाधा डालने का प्रयास किया। भीड़ में मौजूद लोगों के हाथों में हथियार थे। जब मस्जिद में घुसने से रोका गया तो पत्थरबाजी और फायरिंग शुरू कर दी। सीओ की तहरीर पर सैकड़ों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। संवाद
-
एफआईआर नंबर - 5
पुलिस टीम पर हॉकी से किया हमला, सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े
संभल। नखासा थाने में दरोगा मो. शाह फैसल ने छह नामजद और करीब 200 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने पुलिस टीम पर हॉकी से हमला करने और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि वह 24 नवंबर की सुबह दीपासराय में पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि जामा मस्जिद में चल रहे सर्वे को लेकर सैकड़ों लोग नखासा चौराहे पर हंगामा कर रहे हैं। पुलिस टीम के साथ जब वह मौके पर पहुंचे तो भीड़ ने लाठी-डंडे और हॉकी से हमला कर दिया। चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पुलिसकर्मियों के हथियार छीन लिए। तब पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलाकर खुद को बचाया। दरोगा की तहरीर पर आरोपी गुलबुद्दीन हिकमतयार, सुल्तान आरिफ, हसन, मुन्ना, फैजान, समद और 200 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। संवाद
-
एफआईआर नंबर - 6
हिंदूपुरा खेड़ा में भीड़ ने एसपी के पीआरओ पर किया हमला
संभल। जामा मस्जिद के पास रविवार सुबह शुरू हुई हिंसा की आग नखासा थाना क्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़ा तक पहुंच गई थी। एसपी के पीआरओ संजीव कुमार और दो सिपाहियों पर भीड़ ने हमला कर दिया था। पीआरओ ने नखासा थाने में दर्ज कराए केस में इसका जिक्र किया है।
उन्होंने बताया कि रविवार को जामा मस्जिद में सर्वे चल रहा था। इसी दौरान हिंदूपुरा खेड़ा इलाके में भीड़ एकत्र होने की सूचना मिली थी। सूचना पर जब वह पहुंचे तो भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें वह और उनके साथी सिपाही विवेक कुमार और सुमित कुमार चोटिल हो गए। पुलिस ने संजीव की तहरीर पर 150 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
एफआईआर नंबर - 7
उपद्रवियों से बरामद हुए तमंचे, कई नामजद
संभल। जामा मस्जिद के पास उपद्रवियों ने पथराव के साथ ही पुलिस पर फायरिंग भी की थी। पुलिस ने जब आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलाईं तब उपद्रवी भागने लगे। पुलिस ने माैके से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचे बरामद किए। संभल कोतवाली में तैनात दरोगा संजीव कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया गया है।
एफआईआर में कहा गया है कि पुलिस ने घेराबंदी करते हुए माैके से ही हसन, अजीम, सलीम, रिहान, हैदर, वसीम और अयान को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से तमंचे भी बरामद किए। इनके अलावा एफआईआर में 900 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। अज्ञात की शिनाख्त के लिए पुलिस फुटेज खंगाल रही है। संवाद
&&&&&&&&&&&&&
इन धाराओं में दर्ज हुईं एफआईआर
सभी सात एफआईआर बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 221, 132, 125, 324(5), 196, 323(बी) और सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धारा 3 और 5 के अतिरिक्त 326 (एफ) के तहत दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा पांच एफआईआर संभल कोतवाली और दो नखासा थाने में दर्ज कराई गईं।